जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी हड़ताल पर, सेंटरों में ठप्प रही चिकित्सकीय सेवा
appnews
-आंदोलन को प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने समर्थन देकर हड़तालियों का बढ़ाया हौसला
दुर्ग। जिले के हेल्थ वेलनेस सेंटर (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकाारियों ने प्रदेश संगठन के आव्हान पर अपनी तीन सूत्रीय मांगो को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आगाज कर दिया है। जिससे हेल्थ वेलनेस सेंटरों में चिकित्सकीय सेवा ठप्प रही। फलस्वरुप इलाज के लिए सेंटरों में पहुंचे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की तीन सूत्रीय मांगो में लंबित कार्यधारित मानदेय व शासन के निर्देशानुसार महिने के 15 तारीख से पहले मानदेय का भुगतान, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थानांतरण का लाभ के अलावा कांकेर जिला संगठन के संयोजक पवन वर्मा की बहाली शामिल है। उक्त मांगो को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रकोष्ठ द्वारा शासन स्तर पर आवाज उठाई गई थी,लेकिन मांगो की अनदेखी करने से नाराज सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु कर दिया है। आंदोलन के तहत दुर्ग जिला के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शुक्रवार को हिन्दी भवन के सामने जुटे और धरना पर बैठकर अपनी मांगो लेकर आवाज बुलंद की।
इस दौरान उन्होने शासन के रवैये के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी भी व्यक्त की। धरना में बैठे हड़ताली सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट लहेजे में कहा है कि जब तक उनकी तीनों मांगे पूर्ण नहीं होती तब तक उनका यह हड़ताल जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायकि स्वास्थ्य अधिकारी प्रकोष्ठ के दुर्ग जिला इकाई संयोजक भोजराम देशमुख ने बताया कि जिले में 86 हेल्थ वेलनेस सेंटर है। जहां के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी हड़ताल पर है, जिससे सभी सेंटरो में चिकित्सकीय सेवा ठप्प है। उन्होने बताया कि हेल्थ वेलनेस सेंटर में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को 12 प्रकार की जरुरी चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ मिलता है। सेंटरों में चिकित्सकीय सेवा ठप्प होने से मरीजों को ईलाज के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के हड़ताल को छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का भी समर्थन है। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमेश पाल,संभागीय अध्यक्ष अजय नायक,दुर्ग जिला अध्यक्ष सत्येन्द्र गुप्ता,जिला महामंत्री लक्ष्मीकांत धोटे,खिलावन चंद्राकर,धनीराम ठाकुर,रोशन सिंह, भूपेश उपाध्याय के अलावा अन्य पदाधिकारी हड़ताली अधिकारियों के धरना स्थल पहुंचे और उनके आंदोलन को जायज ठहराते हुए उनका हौसला बढ़ाया गया। धरना में छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रकोष्ठ जिला इकाई दुर्ग के संयोजक भोजराम देशमुख,ब्लॉक संयोजक वेदकुमारी साहू,थानेश्वर साहू, सबा कुरैशी,उपाध्यक्ष दीपशिखा साहू के अलावा जिलेभर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डटे रहे।